Showing posts with label अक्स. Show all posts
Showing posts with label अक्स. Show all posts

Sunday, September 13, 2009

वे जाने कबसे भटकते हैं !!

एक नींद से
दूसरे नींद तक के वक्फे में
भटक गए हैं
हमारे कुछ ख्वाब

वे जो भटके हुए ख्वाब हैं
उनके अक्स,
कभी दरवाजे के उस पार से
कभी खिडकी,
कभी रोशनदान से
लगातार झांकते रहते हैं

हमारे चेहरों को
लगातार ताकते हैं वे ख्वाब,
इस आस में कि
पा लिए जाएँ

वे दिखाई भी पड़ते हैं
पर उन्हे अब वापस पा लेना
किसी भी नींद के वश में नही

उन भटके हुए ख्वाबों का
भटकाव
दरअसल
हमारा ही भटकाव है

और यह तय है कि
हम अब कभी आँख में
नहीं लिए जा सकेंगे।