Tuesday, July 14, 2009

एक नींद की पगडंडी पर साथ-साथ

हमारे ख्वाब
मिलना चाहते थे
ताकि देख सके एक दूसरे को
पहचान सकें सूरत
एक दूसरे की

वे कुछ देर
साथ चलना चलना चाहते थे
एक ही नींद की पगडंडी पर, हाथ थामे
शायद चुप-चाप खामोशी सुनते हुए
या फ़िर बतियाते हुए

पर हम थे
कि अलग-अलग आंखों से सोते थे.

Saturday, July 11, 2009

और लहलहा उठी हैं यादें

देर से आया है
पर बरस रहा है मानसून

मानसून के न आने की ख़बर
मुझे कर गई थी उदास

जब भी बरसता है मानसून
मैं बालकनी में कुर्सी डालकर
बैठ जाता हूँ और
देखता रहता हूँ तुम्हें

कभी सामने पार्क में
मेरे साथ भींगते हुए
कभी सड़क पे पानी के छपाके उडाते

देर से आया है
पर बरस रहा है मानसून
और लहलहा उठी हैं यादें

Friday, July 10, 2009

पर तब सिर्फ राख बची थी

सालों साल
सूखता रहा दरख्त
धूप में खड़ा, अकेला

पहले पत्ते छूटे हाथ से
फिर एक एक कर छूटीं टहनियां
उधडी फिर खाल भी

पर सावन की आँख उमड़ी नहीं

सूखा दरख्त और कितना सूखता
जल गया एक दिन

जला जब दरख्त
तो बादल काला हुआ धुएँ से
और तब बरसा सावन

पर तब सिर्फ राख बची थी गीली होने के लिए...

Wednesday, July 8, 2009

साकी.

तू किनारे पे करना इंतेज़ार साकी
मैं लौटूँगा फिर इस पार साकी

बिक जाएंगे एक दिन कौडियो में सब
तब भी बच जाएंगे ये बाजार साकी

अरसे से महरूम रखा आँसुओं से
आँखों का हूँ बड़ा मैं गुनहगार साकी

तेरे घर का दरवाजा हर दफ़ा बंद मिला
हम गुजरे तो तेरी गली से कई बार साकी

कह जाएंगे जिस रोज हम आखिरी अलविदा
रोएंगे फूट फूट ये दर-ओ-दीवार साकी

Monday, July 6, 2009

उस रोज सिर्फ रिश्ते नहीं काटे तुमने

काट कर छोटा कर दिया तुमने
हमारे रिश्ते को

उस रोज सिर्फ रिश्ते नहीं काटे तुमने
मैं भी साथ कटा था

कटी तो तुम भी होगी हीं
आखिर
उस रिश्ते में तुम भी तो थी

पर जाने कौन सी जंजीरें थीं

कि धार रख दिए थे तुमने रिश्ते पर ???