Thursday, September 3, 2009

कुछ लब्ज रह जाते हैं बे-नज्म भी !!!

कुछ लब्ज पसरे हुए हैं
जैसे मीलों चलकर आये हों कहीं से

आँखों में उनके
ढेर सारा नींद बिछा है
और पलकों पे सलवटें हैं

रात भर
इक नज्म क़ी मिट्टी कोडते रहे वो
रात भर
सांस फंसी रही उनकी मिट्टी में

पर ना कोई शक्ल बनी नज्म क़ी
और ना तलाश को
मिला कोई सुर्ख रंग
बस लम्हा-लम्हा खाक होती चली गयी रात.

उन्हें तो बस रंग जाना था,
सुर्ख रंग में
इक नज्म के,
और बह जाना था
उसके किनारे से लग कर

पर
हर बूँद को कहाँ मिलती है नदी
बह कर सागर तक पहुँचने के लिए
और न पिया के रंग में रंगी चुनर हीं
हर किसी को

कुछ लब्ज रह जाते हैं बे-नज्म भी !!!

Monday, August 31, 2009

दुःख शायद लहू को ठंडा भी कर देता है !

एक लम्बे दुःख ने
थका दिया है मुझे
या फिर उबा दिया है शायद

सुबह उठ कर जो आ बैठा था
बालकनी में इस कुर्सी पर
तब से कितने गोल दागे बच्चों ने
सामने खेल के मैदान में
पर पसीना नहीं आया मुझे

दुःख शायद लहू को ठंडा भी कर देता है

लहू मांगती है अब
सुख का ताप, थोडा सा
और
जिस्म पसीना मांगता है

सुबह-सुबह आईने में
मेरा चेहरा भी मांगता है
एक मुनासिब सजावट
जहाँ चीजें करीने से लगी हों
और एक बदन
जो सारी उबासी निकाल चुका हो

मन के पोर भी
बजते हैं बेचैन होकर,
सुनाई देती है उनकी थकन

अपनी हीं हथेली से
दबाता रहता हूँ उन्हें
पर कई हिस्से छूट जाते हैं

तुम बताओ
तुम क्या करती हो
जब पीठ में दर्द होता है तुम्हारे
मुझे छोड़ कर जाने के बाद ??

Saturday, August 29, 2009

जिद

धूप में पड़े रहे वो
खुले आसमान के नीचे
सूखते-टटाते
आखिर तक

पहले रंग उतरे उनके
और फिर उधडती गई
धीरे-धीरे
सीवन उनके बीच की,

छाँव खींच कर वे
आशियाना जमा लिये होते, गर
एक ने मान ली होती दूसरे की जिद

मगर वे अड़े रहे
न छाँव खींची, न जिद अपनी
पड़े रहे वे धूप में चिद्दिया उड़ने तक.

जाने क्यूँ, जाने कैसे!

Thursday, August 27, 2009

आंखों की धार भी चुपचाप बहती है !

एक सन्नाटा है यहाँ अब
छितराया हुआ
फर्श पर, बरामदे में, आँगन में, ज़ीने पर
बाहर लॉन में
हर तरफ

सन्नाटे को देखने के लिए
नजर घुमानी नहीं पड़ रही

सब खाली हो चुके हैं आवाज से
न ताकत बची है बुदबुदाने की भी किसी में
और न वजह

हवा सांय-सांय भी नहीं कर रही
आंखों की धार भी चुपचाप बहती है

जाने कौन तोडेगा ये सन्नाटा अब
वो तो कह गया है
कि कभी नहीं आएगा

Tuesday, August 25, 2009

अब कोई अंत नही दुःख का !

यहाँ जब
मैं लिख रहा हूँ उस दुःख को
तुम उस दुःख के भीतर पड़ी हो बेहोश

कभी-कभार,

एक आध मिनट के लिए

तुम आती हो बाहर
और इससे पहले कि मैं शरीक होऊं
तुम्हारे दुःख में,
दुःख तुम्हें फ़िर लील लेता है

तुम्हें तो अंदाजा भी नही होगा
तुम्हारे दुःख का,
तुम तो बेहोश हो
और हमें सिर्फ़ अंदाजा है

यहाँ मैं लिख रहा हूँ दुःख
और तुम भोग रही हो अपनी छाती पर
आख़िर इसी छाती से पिलाया था न
तुमने दूध उसको

(मेरी बुआ के इकलौते पुत्र 'राहुल' की असमय मृत्यु पर, लगभग १६ वर्ष की अवस्था में )